CG Accident News: कोरबा में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दोनों की हालत गंभीर

CG Accident News: कोरबा। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को राज्य के रायगढ़, धमतरी और कोरबा जिलों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, दो घटनाओं में वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गए।

रायगढ़ में ट्रेलर की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत

पहली घटना रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र की है। रायगढ़-रायपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे रायगढ़-रायपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

धमतरी में अज्ञात वाहन ने युवक को मारी टक्कर

दूसरी घटना धमतरी जिले के श्यामतराई के पास हुई। यहां सड़क पर जा रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

कोरबा में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए दो बाइक सवार

तीसरी घटना कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस कर रही जांच, लोगों से सतर्क रहने की अपील

तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और लापरवाही से बचने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *