Guna News: पत्नी को भेजा सुसाइड का LIVE VIDEO, फिर खाया जहर; मौत से पहले लगाए गंभीर आरोप

Guna News: गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में 28 वर्षीय युवक ने कथित पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के बीच जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर एक भावुक संदेश भेजा और जहर खाते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड कर उसे भी भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आठ साल पहले हुई थी शादी, पिछले कुछ समय से चल रहा था विवाद

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी वल्लभ मीणा (28) पुत्र रामस्वरूप मीणा पेशे से किसान था। वर्ष 2018 में उसकी शादी साक्षी मीणा से हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इस विवाद में ससुराल पक्ष के हस्तक्षेप के कारण रिश्तों में और अधिक तनाव पैदा हो गया था। करीब दस दिन पहले पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी।

परिजनों के मुताबिक, वल्लभ लगातार पत्नी को वापस आने और कम से कम बच्चे से मिलने देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई। इससे वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था।

जहर खाने से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो

शुक्रवार शाम वल्लभ ने अपने घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे पहले उसने मोबाइल कैमरे के सामने अपना वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह जहर की पुड़िया खोलकर उसे खाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काया गया है और वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रहा है।

मृतक ने वीडियो में अपनी मौत के लिए अपनी सास, साले और साले की पत्नी को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पत्नी को भेजा भावुक मैसेज

वीडियो के साथ वल्लभ ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर एक लंबा संदेश भी भेजा। उसमें उसने लिखा कि उसे पत्नी और बच्चे से मिलने नहीं दिया जा रहा है और उसके परिवार के खिलाफ झूठा मामला भी दर्ज कराया गया है। उसने दावा किया कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर वह अपनी जीवनलीला समाप्त कर रहा है।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जहर खाने की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

वीडियो और मैसेज जांच के दायरे में

फतेहगढ़ थाना प्रभारी एसआई अभिषेक तिवारी ने बताया कि युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के मोबाइल से मिले वीडियो और संदेश को जांच में शामिल किया गया है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *