Panna News: पन्ना अस्पताल में बारिश का कहर, ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से मरीज परेशान

Panna News: पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिला अस्पताल में बारिश के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर स्थिति सामने आई है। तेज बारिश के चलते अस्पताल परिसर में भारी जलभराव हो गया और कई वार्डों तक पानी पहुंच गया। सर्जिकल वार्ड और डिलीवरी वार्ड में पानी भरने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बारिश के पानी से भरा पूरा क्षेत्र दिखाई दे रहा है।

भारी बारिश के बाद अस्पताल का ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया, जिससे पानी की निकासी नहीं हो सकी। देखते ही देखते अस्पताल परिसर तालाब में बदल गया। सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को हुई जो पहले से इलाज के लिए भर्ती थे।

नवजात और प्रसूताओं के वार्ड में घुसा पानी

अस्पताल के कई वार्डों में करीब एक फीट तक पानी भर गया। खासकर नवजात शिशुओं, प्रसूताओं और गंभीर मरीजों के वार्ड प्रभावित हुए। पानी भरने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। मरीज और उनके परिजन बेड पर रहने को मजबूर हो गए। उन्हें दवा, इंजेक्शन और शौचालय जाने जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।

मरीजों के परिजनों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल अस्पताल में इसी तरह की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन से जलभराव की समस्या को जल्द दूर करने की मांग की है।

पुरानी बिल्डिंग और निर्माण कार्य को बताया कारण

जलभराव को लेकर सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक गुप्ता ने बताया कि अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग वॉटर लेवल से करीब पांच फीट नीचे बनी हुई है। इसके अलावा नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य के कारण नाली ब्लॉक हो गई है, जिससे पानी का बैक-फ्लो हो रहा है और अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति बन रही है।

उन्होंने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए भोपाल मुख्यालय को जानकारी भेजी गई है। साथ ही निर्माण एजेंसी को भी पत्र लिखकर व्यवस्था सुधारने के लिए कहा गया है।

पानी निकालने का काम जारी

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल कर्मचारियों की मदद से पानी निकालने का काम लगातार जारी है। जल्द ही अस्पताल परिसर को साफ कर सामान्य स्थिति में लाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, बारिश के दौरान बार-बार सामने आने वाली इस समस्या ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

बता दें कि मानसून सक्रिय होने के बाद मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पन्ना जिला अस्पताल जैसी स्वास्थ्य संस्थाओं में जलभराव रोकने के लिए स्थायी इंतजाम करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *