Mahasamund News: ताश पर लाखों का दांव: महासमुंद पुलिस ने 12 जुआरियों को दबोचा, कैश, कार-बाइक और मोबाइल जब्त

Chhattisgarh Mahasamund News: जिले में जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारकर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घुचापाली के जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने रात में घेराबंदी कर दबिश दी और 12 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 60 हजार 100 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, 14 मोबाइल फोन, 5 मोटरसाइकिल, 2 कार और एक सीएफएल बल्ब बरामद किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 20 लाख 35 हजार 100 रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (छोटे संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चार आरोपियों की तलाश जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *