Dhamtari News: धमतरी स्कूल में अफरा-तफरी: छात्र ने सहपाठियों पर किया हमला, सभी घायलों को लगाया जा रहा एंटी रेबीज टीका

Chhattisgarh Dhamtari News: जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिलौटी में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्र ने अचानक अपना व्यवहार बदलते हुए सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए। एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित बच्चों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था। उस समय चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उसे रेबीज के सभी आवश्यक टीके लगाए गए थे। गुरुवार को स्कूल में अचानक उसके व्यवहार में बदलाव आया और उसने आसपास मौजूद कई सहपाठियों को काट लिया।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके साथ ही सभी प्रभावित बच्चों को संक्रमण से बचाव के लिए एंटी रेबीज टीका लगाया जा रहा है।

वहीं, छात्र को विस्तृत चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी स्कूल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र की मौजूदा स्थिति का संबंध तीन वर्ष पहले हुए रेबीज संक्रमण से है या नहीं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि चिकित्सकीय जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *