Raipur News: ED की कार्रवाई पर BJP का बयान, राजनीतिक और प्रशासनिक रसूख किसी को नहीं बचाएगा

Chhattisgarh Raipur News: महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हालिया कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उदाहरण बताया है। भाजपा नेता नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि विकास गर्ग के खिलाफ हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा और कानून सभी के लिए समान है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे चयनात्मक कार्रवाई और द्वेषपूर्ण राजनीति के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। गुप्ता के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप मामले में पहली आधिकारिक शिकायत पूर्व मंत्री राजेश मूणत और उन्होंने संयुक्त रूप से प्रवर्तन निदेशालय (ED) में दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच आगे बढ़ी और कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

भाजपा नेता ने दावा किया कि जांच के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार से जुड़े कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों, पूर्व मुख्यमंत्री, उनके पुत्र, एक विधायक, कांग्रेस नेताओं और तत्कालीन प्रदेश कोषाध्यक्ष सहित कई लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने जांच एजेंसियों से मामले में शामिल सभी प्रशासनिक और राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के अंतिम कार्रवाई करने की मांग की।

नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि कानून का शिकंजा हर दोषी तक पहुंचना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल या पद पर क्यों न हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *