Sukma News: सामुदायिक पुलिसिंग और जनविश्वास पर रहेगा जोर, नए एसपी ने गिनाईं प्राथमिकताएं

Chhattisgarh Sukma News: सुकमा जिले के नए पुलिस अधीक्षक आईपीएस मयंक गुर्जर ने विधिवत पदभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों की पहली बैठक लेकर जिले की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही आगामी अभियानों और विभागीय प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

2020 बैच के आईपीएस मयंक गुर्जर मध्यप्रदेश के इंदौर के निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी से बीटेक करने के बाद पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान हासिल किया। इससे पहले वे डोंगरगांव थाना प्रभारी और बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डोंगरगांव में उन्होंने जनसहयोग से कैमरा प्रोजेक्ट शुरू कराया, जबकि बीजापुर में सुरक्षा कैंप स्थापित कराने और नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से चर्चा में एसपी मयंक गुर्जर ने कहा कि सुरक्षा बलों और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सुकमा में शांति और विकास का माहौल मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

नए एसपी ने कहा कि जिला पुलिस का लक्ष्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आम लोगों का विश्वास जीतना भी है। इसके लिए सामुदायिक पुलिसिंग, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं और जनता के सहयोग से ही दोनों लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *