Raisen News: विश्व धरोहर सांची का रेलवे स्टेशन बना ‘शोपीस’? लोकार्पण के बीच ट्रेनों के स्टॉपेज पर छिड़ी बहस

Raisen News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 15.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित सांची रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के साथ तैयार स्टेशन को लेकर जहां सरकार ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया, वहीं स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने ट्रेनों के सीमित स्टॉपेज को लेकर नाराजगी जताई।

विश्व धरोहर स्थल सांची में बने इस आधुनिक रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 24 घंटे में केवल 5 ट्रेनों का स्टॉपेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर स्टेशन को आधुनिक बना दिया गया, लेकिन पर्याप्त ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई महत्वपूर्ण ट्रेनें स्टेशन से बिना रुके गुजर जाती हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को परेशानी होती है।

लोकार्पण समारोह के दौरान भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मंच से राज्यपाल मंगुभाई पटेल और रेलवे अधिकारियों के सामने सांची स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के कारण यहां अधिक ट्रेनों का ठहराव जरूरी है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

ग्वालियर से आए एक पर्यटक ने बताया कि सांची से सीधे ट्रेन नहीं मिलने के कारण उन्हें पहले भोपाल जाना पड़ता है और फिर वहां से दूसरी ट्रेन पकड़नी पड़ती है। उनका कहना था कि विश्व धरोहर स्थल होने के कारण यहां प्रमुख ट्रेनों का स्टॉपेज होना चाहिए, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिल सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *