Chhattisgarh News: ‘दिल्ली में कितने दिन रहकर आए हैं?’ स्पीकर रमन सिंह की चुटकी पर गूंजे ठहाके, मंत्री की शायरी बनी चर्चा का विषय

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गंभीर बहस के बीच शायरियों और फिल्मी संवादों का भी रंग देखने को मिला। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रामविचार नेताम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए अपने शायराना अंदाज से सदन का माहौल हल्का कर दिया।

चर्चा के दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, “हमने औरों की भी फिक्र की, तुम अपनों से भी न निभा सके।” इसके बाद उन्होंने फिल्मी अंदाज में कहा, “मैं तो रास्ते से जा रहा था, भेलपुरी खा रहा था… तुमको मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं।” उनकी इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य मुस्कुराते नजर आए और सदन ठहाकों से गूंज उठा।

नेताम यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक और शायरी सुनाते हुए कहा, “दोस्ती तुम्हारे बस की नहीं, कम से कम दुश्मनी तो निभा लेते, सौ झूठ बोला तुमने, एक सच तो बता देते।” उनके इस अंदाज ने अविश्वास प्रस्ताव पर चल रही लंबी बहस के बीच माहौल को हल्का कर दिया।

मंत्री की शायरियां सुनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी चुटकी लेते हुए कहा, “दिल्ली में कितने दिन रहकर आए हैं?” अध्यक्ष की इस टिप्पणी पर पूरे सदन में जोरदार ठहाके गूंज उठे। इसके बाद सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा आगे जारी रही।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *