Raipur News : विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव खारिज, ओपी चौधरी बोले- कांग्रेस विचार और अध्ययन दोनों में शून्य

Chhattisgarh Raipur News : छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विचार और अध्ययन दोनों में शून्य हो चुकी है। जो हमें आईना दिखाने आए थे, उन्हें ही सरकार ने जबरदस्त आईना दिखा दिया।

ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक नैतिकता की बात करती है, लेकिन खुद अपने वादे पूरे नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए, जबकि अब महतारी वंदन योजना पर सवाल उठा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिला सकी, लेकिन अब उसी मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा में दिए गए जवाब का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहचान उनकी सादगी और सहजता है, लेकिन जब राजनीतिक जवाब देने की बात आती है तो उनका अलग ही अंदाज देखने को मिलता है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के जवाब के बाद कांग्रेस पूरी तरह स्तब्ध और निरुत्तर नजर आई।

ओपी चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने सरकार को तानाशाही तरीके से चलाया और सत्ता संघर्ष का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लंबे समय तक शासन करने का अवसर मिला, लेकिन उसने आदिवासी समाज को सर्वोच्च संवैधानिक पद तक नहीं पहुंचाया, जबकि वर्तमान सरकार ने यह कर दिखाया।

वित्त मंत्री ने दावा किया कि विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा ने कांग्रेस की राजनीतिक कमजोरियों को उजागर कर दिया और सरकार ने तथ्यों के साथ विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *