Raipur News: रामविचार नेताम का कांग्रेस पर हमला, बोले- पिछली सरकार की पहचान सिर्फ घोटाले और भ्रष्टाचार

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत द्वारा राज्य के मंत्रियों को लेकर दिए गए बयान पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों को जनता की गलती से मंत्री बनने वाला बताना प्रदेश की जनता और लोकतंत्र, दोनों का अपमान है।

रामविचार नेताम ने कहा कि जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है और ऐसे बयान जनता के जनादेश का अपमान हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के पांच वर्षों की पहचान केवल भ्रष्टाचार और घोटालों से रही है। उन्होंने कोयला, शराब और डीएमएफ समेत कई मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल पर नजर डालनी चाहिए।

NEET परीक्षा और राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के सवाल पर नेताम ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितताएं सामने आई हैं, सरकार ने कार्रवाई की है और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणी को लेकर भी रामविचार नेताम ने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर जनमानस की सोच प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनके भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *