Ambikapur News: गर्भवती महिलाओं और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, सड़क नहीं बनने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड की पुहपुटरा पंचायत के चिलबिल पंडोपारा में बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। वर्षों से पक्की सड़क की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना है कि लगातार अनदेखी के बाद विरोध का यही रास्ता बचा था।

ग्रामीणों के अनुसार चिलबिल पंडोपारा अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में आता है, लेकिन पिछले 10 वर्षों से पक्की सड़क का इंतजार खत्म नहीं हुआ। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान सड़क निर्माण के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उन्हें भुला दिया जाता है। नतीजतन आज भी ग्रामीणों को कीचड़ और गड्ढों से भरे रास्ते से आवाजाही करनी पड़ रही है।

सड़क की खराब स्थिति का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ रहा है। बरसात के दिनों में बच्चे कीचड़ में फिसल जाते हैं, जबकि एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण गंभीर मरीजों और प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को करीब दो किलोमीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में सड़क के अलावा नाली और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग और पंचायत स्तर पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस विरोध प्रदर्शन के बाद भी सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि सड़क पर धान रोपना उनकी मजबूरी है, शौक नहीं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *