Korba News: नाबालिगों की शादी की तैयारी पूरी, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम; समझाइश के बाद टला विवाह

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाल विवाह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 13 साल की नाबालिग लड़की और 15 साल के लड़के की शादी कराई जा रही थी, लेकिन ऐन मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस ने पहुंचकर विवाह रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार, चिमनीभठा वार्ड क्रमांक 14 में रहने वाले दोनों नाबालिग एक-दूसरे को पसंद करते थे। परिजनों ने उनकी जिद के आगे झुकते हुए सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने का फैसला कर लिया था। घर में मंडप सज चुका था और गाजे-बाजे के साथ बारात भी पहुंच गई थी।

इसी दौरान किसी ने मामले की सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम को देखकर परिजनों और मेहमानों में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों ने दोनों पक्षों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी दी और कम उम्र में विवाह के दुष्परिणाम समझाए। समझाइश और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद दोनों परिवार शादी रोकने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दूल्हा और दुल्हन अपने-अपने घर लौट गए।

महिला बाल विकास अधिकारी बसंत मिंज ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल कार्रवाई कर बाल विवाह रुकवाया और परिजनों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल सकी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *