Bilaspur News : बिना लाइसेंस होटल में रखा था कृषि सामग्री का जखीरा, कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित होटल गोल्डन स्टे में कृषि विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित कीटनाशक और जैव खाद जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 4,610 लीटर कीटनाशक और 9,611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद बरामद की गई। विभाग ने पूरे स्टॉक की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।

कृषि विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर होटल में दबिश दी। प्रारंभिक जांच में बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के कृषि सामग्री का भंडारण किए जाने की बात सामने आई। जब्त सामग्री को सील कर गोदाम संचालक मनीष सिंह की सुपुर्दगी में रखा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान अधिकारी उस समय हैरान रह गए जब होटल के प्रथम तल का उपयोग कृषि रसायनों और जैव खाद के अवैध गोदाम के रूप में किया जाना सामने आया। बिना सुरक्षा मानकों और लाइसेंस के इतनी बड़ी मात्रा में रसायनों का भंडारण किए जाने को विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है।

कृषि विभाग ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कृषि आदान उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अमानक, नकली और अवैध रूप से भंडारित कृषि सामग्री के खिलाफ जिलेभर में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि लैब रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *