Pratappur News: अचीवर्स इंटरनेशनल स्कूल में Investiture Ceremony संपन्न, छात्र प्रतिनिधियों को सौंपे गए दायित्व

Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। अचीवर्स इंटरनेशनल स्कूल, प्रतापपुर में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से भव्य पदारोहण (Investiture Ceremony) का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 1 से 12वीं तक के चयनित छात्र प्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से पद एवं दायित्व सौंपे गए। इस अवसर पर छात्र नेताओं ने विद्यालय, अनुशासन और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ ली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कालिदास महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया तथा उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का स्वागत किया।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने चयनित छात्र प्रतिनिधियों को बैज, पद-पट्टिका और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। विद्यालय के स्कूल कैप्टन के रूप में कक्षा 11वीं के अंशराज पन्ना तथा गर्ल्स स्कूल कैप्टन के रूप में श्रेया सिंह को दायित्व सौंपा गया। इसके अलावा टैगोर, लाजपत, गांधी और अशोक हाउस के हाउस कैप्टन, स्पोर्ट्स, कल्चरल, साइंस एवं लिटरेरी कैप्टन सहित कक्षा नायक और उप-कक्षा नायकों ने भी पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद सभी छात्र प्रतिनिधियों ने प्रभावशाली मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया और मुख्य अतिथि को सलामी देते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि प्रो. रजनीश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को नेतृत्व के अवसर देना उनके व्यक्तित्व और सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। वहीं विद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य डॉ. राकेश मोहन मिश्र ने विद्यालय की शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि छात्र नेतृत्व से आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और अनुशासन की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य सुनील महापात्र ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *