Durg News: बातचीत के बहाने बुलाया, फिर चाकू से किया हमला; 4 करोड़ के विवाद में 5 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में ₹4 करोड़ के लेनदेन और जमीन के हिसाब-किताब को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, नरेंद्र सिंह को बातचीत के बहाने बायपास स्थित देवभूमि परिसर बुलाया गया था, जहां विवाद बढ़ने पर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, नेशनल हाईवे-53 स्थित देवभूमि परिसर में राजेश सिंह ने नरेंद्र सिंह को हिसाब-किताब और पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद वहां मौजूद विजय मेनन, विक्की सिंह, अशोक सिंह और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर नरेंद्र सिंह के साथ मारपीट की। आरोप है कि मुख्य आरोपी विजय मेनन ने नरेंद्र सिंह के पेट पर तीन से चार बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

घायल नरेंद्र सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।

मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य हमलावर विजय मेनन, विक्की सिंह, अशोक सिंह सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, देवभूमि के संचालक और नरेंद्र सिंह के पार्टनर बताए जा रहे राजेश सिंह समेत एक अन्य आरोपी फरार है। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लेनदेन को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *