Durg News: अहिवारा और जामुल से स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस की मुहिम, पुराने मीटर लगाने की उठी मांग

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने स्मार्ट मीटर के विरोध में अपने ‘स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराने मीटर लगाओ’ अभियान का विस्तार करते हुए अहिवारा और जामुल में इसकी शुरुआत की। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिजली उपभोक्ताओं को आवेदन पत्र वितरित किए गए और अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।

अहिवारा नगर, अहिवारा ग्रामीण और जामुल के संतोषी चौक में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों से संपर्क कर स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने मीटर लगाने की मांग के समर्थन में आवेदन भरवाए। अभियान के तहत अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाकर उन्हें एकत्रित करेंगे और संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों को सौंपेंगे।

इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और उपभोक्ताओं के हित में इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को सरकार और बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी यह अभियान चलाया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *