Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए राहत की बजाय मुसीबत बन गई है। जिले के करेली बड़ी गांव में जलनिकासी की व्यवस्था ठप होने से खेतों में पानी भर गया, जिससे करीब 100 एकड़ फसल बर्बाद हो गई। फसल डूबने से परेशान किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से तत्काल राहत और पानी निकासी की मांग की।
किसानों का कहना है कि गांव का निस्तारी नाला मिट्टी से पूरी तरह पट गया है, जिसके कारण बारिश का पानी बाहर निकलने के बजाय सीधे खेतों में भर रहा है। जलभराव की वजह से धान समेत अन्य फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अपनी समस्या लेकर बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि समय रहते पानी नहीं निकाला गया तो नुकसान और बढ़ सकता है।
मामले को कृषि विभाग ने संज्ञान में लेते हुए किसानों को जल्द समाधान का भरोसा दिया है। अब किसानों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि आश्वासन के बाद राहत कार्य कितनी जल्दी शुरू होता है।
