CG Weather News: बारिश से राहत और आफत दोनों, छत्तीसगढ़ में आज भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार, 29 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में भारी वर्षा, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। सक्रिय मानसूनी प्रणाली के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसम तंत्र के कारण छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते कई इलाकों में तेज बारिश के साथ मेघ गर्जन और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *