Raipur News: मंत्रिमंडलीय उप समिति के अहम निर्णय, धान खरीदी प्रक्रिया होगी और आसान

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान मिलिंग और खरीदी प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसकी जानकारी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दी।

बैठक के बाद मंत्री जायसवाल ने बताया कि अब धान खरीदी के दौरान किसी भी पूल से 25 प्रतिशत की बजाय केवल 10 प्रतिशत ब्रोकन चावल ही स्वीकार किया जाएगा। इस निर्णय से सेंट्रल पूल और राज्य पूल में चावल जमा करने के बाद बचने वाले धान की समस्या खत्म होगी और राज्य सरकार को उसकी नीलामी की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान बारदाने की कमी नहीं होने देने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही धान मिलिंग और खरीदी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आसान और किसानों के लिए सुविधाजनक बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई है।

बैठक में उप मंत्रिमंडलीय समिति के सदस्य दयालदास बघेल, टंकराम वर्मा, रामविचार नेताम और श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ देश में किसानों से सर्वाधिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदने वाले राज्यों में शामिल है, जहां प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *