Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम मदननगर में भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोगपा) का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि किसानों, मजदूरों और आदिवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
गोगपा नेताओं ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ दबावपूर्ण या मनमानी कार्रवाई की तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पार्टी नेताओं ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह कमरों के मार्गदर्शन में सरगुजा, कोरिया और सूरजपुर के पदाधिकारियों को मदननगर भेजा गया, ताकि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामले की जानकारी लेकर ग्रामीणों की समस्याओं को समझा जा सके।
बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 24 जुलाई 2026 को चार ग्राम पंचायतों की भूमि का एसईसीएल के लिए अधिग्रहण ग्रामसभा और ग्राम पंचायत की सहमति के बिना आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन ही उनकी आजीविका और पहचान का आधार है, इसलिए वे किसी भी परिस्थिति में जबरन भूमि अधिग्रहण स्वीकार नहीं करेंगे।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई तथा कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल है।
गोगपा ने मांग की कि भूमि अधिग्रहण से पहले ग्रामसभा की सहमति अनिवार्य की जाए और जल, जंगल व जमीन से जुड़े किसानों तथा आदिवासी समुदाय के अधिकारों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह कमरों, प्रदेश संगठन मंत्री कुलदीप सिंह मरकाम, प्रदेश उपाध्यक्ष रामाधीन पोया, प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम सिंह टेकाम, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र प्रताप केराम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में कहा कि “जल, जंगल और जमीन हमारी पहचान हैं, इनकी रक्षा करना हमारा संवैधानिक अधिकार और सामूहिक दायित्व है।”
