Chhattisgarh Korba News: कोरबा। एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक के कथित अभद्र व्यवहार तथा विद्यालय की अव्यवस्थाओं से नाराज होकर शुक्रवार सुबह कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत शुरू की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है और कई बार भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत भी सामने आई है। इसके अलावा प्राचार्य अहमद खान और छात्रावास अधीक्षक के व्यवहार से छात्र लंबे समय से परेशान हैं। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से लगातार समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
छात्रों ने बताया कि वे पहले भी अपनी मांगों को लेकर विधायक के सामने प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। छात्रों ने स्पष्ट किया कि प्राचार्य को हटाने और छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में कलेक्टर से बात होने के बाद ही वे आंदोलन समाप्त करेंगे।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार, पुलिस अधिकारियों और एसडीएम ने छात्रों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया। अब मामले में प्रशासन द्वारा जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है।
