CG Kanker News: मनरेगा साइट पर गिरी बिजली, उपसरपंच समेत 2 की मौत, 5 घायल

CG Kanker News:  भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कलगांव में मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य के दौरान बिजली गिरने से उपसरपंच धनराज पटेल समेत दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य चल रहा था, जहां करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई।

हादसे में उपसरपंच धनराज पटेल और एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिला और दो पुरुष मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया गया। कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है तथा घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीम को भी मौके पर रवाना किया गया है।

सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के साथ पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *