Raipur News: कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट के सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में सोशल मीडिया के जरिए कथित आपत्तिजनक और विवादित प्रचार-प्रसार को लेकर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित पोस्ट और बयानों के माध्यम से ऐसी सामग्री प्रसारित की गई, जिससे सामाजिक स्तर पर भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, सोशल मीडिया पोस्ट और उनसे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी। जांच के दौरान संबंधित डिजिटल सामग्री और उसके प्रसारण से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।

मामला पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ था, जिसमें अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया गया कि उन्होंने 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं और राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाया गया।

हालांकि, बाद में पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि पुराना था। इसे स्वतंत्रता दिवस के दिन सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। इसी वायरल वीडियो और उससे जुड़े कथित भ्रामक प्रचार को लेकर अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *