Pithaura News : दो-तीन महीने बाद खत्म हुआ वैक्सीन संकट, सरकारी अस्पतालों में पहुंची रोटावायरस की डोज

Chhattisgarh Pithaura News : पिथौरा। जिले में छोटे बच्चों को दी जाने वाली रोटावायरस वैक्सीन की लंबे समय से चली आ रही कमी अब खत्म हो गई है। करीब दो से तीन महीने के इंतजार के बाद वैक्सीन की नई खेप सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंच गई है। इसके बाद बच्चों के टीकाकरण को लेकर अभिभावकों को राहत मिली है।

दरअसल, जिले के स्वास्थ्य विभाग में रोटावायरस वैक्सीन का स्टॉक लंबे समय से खत्म था। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण छोटे बच्चों के टीकाकरण में परेशानी आ रही थी। इस समस्या को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और अब जिले में वैक्सीन की पर्याप्त खेप पहुंच गई है।

इस मामले में BMO तारा अग्रवाल ने बताया कि पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की डोज उपलब्ध हो गई हैं। जरूरत के अनुसार ब्लॉक के सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिथौरा क्षेत्र में सालभर में करीब 3700 डोज रोटावायरस वैक्सीन की खपत होती है, जबकि पूरे महासमुंद जिले में सालाना करीब 15 हजार डोज की जरूरत पड़ती है। यह वैक्सीन सरकारी आपूर्ति के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। इससे पहले जिला स्वास्थ्य अधिकारी नागेश्वर राव ने बताया था कि करीब दो महीने से स्टॉक की समस्या बनी हुई थी।

रोटावायरस वैक्सीन शिशुओं को निर्धारित उम्र में मुंह से ड्रॉप के रूप में दी जाती है। इसका उद्देश्य बच्चों को रोटावायरस संक्रमण से होने वाले गंभीर दस्त और उल्टी से बचाना है। समय पर टीकाकरण से डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर स्थिति के खतरे को कम करने में मदद मिलती है।

नई खेप पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जरूरत के अनुसार अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन उपलब्ध करा दी है। इससे जिले में छोटे बच्चों के नियमित टीकाकरण अभियान को गति मिलने की उम्मीद है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *