Abhanpur News: कार्यालय में घुसकर RI से गाली-गलौज और मारपीट, 4 आरोपियों पर FIR दर्ज

Chhattisgarh Abhanpur News: अभनपुर। नगर पालिका गोबरा नवापारा के राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के साथ कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे निखिल चंद्राकर अपनी पत्नी के पैन कार्ड में नाम सुधारवाने के लिए आवेदन देकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर रोड नवापारा मोड़ के पास रूपो जगत अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से उनके सामने से कट मारकर निकला। मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की समझाइश देने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। इसके बाद आरोपी उनके घर के पास भी पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इसके अगले दिन 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव और मोनू कंसारी सहित अन्य लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि सभी राजस्व निरीक्षक के कक्ष में घुस गए और शासकीय दस्तावेजों को फेंकते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। इस दौरान राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। शिकायत में उनके सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोट आने की बात कही गई है।

घटना के दौरान नगर पालिका के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर आरोपियों को कार्यालय से बाहर निकाला। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर दोबारा कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। घटना के समय नगर पालिका कर्मचारी सेवक साहू, सरस्वती कंवर, सुभाषिनी शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौके पर मौजूद था।

गोबरा नवापारा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *