Bilaspur News: शिवांगिनी पांडेय ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, 50 और 100 मीटर बटरफ्लाई में जीते मेडल

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर की बेटी और राष्ट्रीय स्तर की तैराक शिवांगिनी पांडेय ने 52वीं जूनियर नेशनल एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ के लिए दो पदक जीते हैं। भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में शिवांगिनी ने 100 मीटर और 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के बाद रविवार को बिलासपुर लौटने पर रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

शिवांगिनी के स्वागत के लिए तैराकी संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, परिजन और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूलों की बारिश के बीच शिवांगिनी का अभिनंदन किया गया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “शिवांगिनी पांडेय जिंदाबाद” के नारों से स्टेशन परिसर गूंज उठा।

बिलासपुर कॉर्पोरेशन तैराकी संघ के अध्यक्ष हेमंत सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने शिवांगिनी को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दो पदक जीतना पूरे बिलासपुर जिले के लिए गर्व की बात है। शिवांगिनी की सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने वाली शिवांगिनी पांडेय ने साबित किया है कि बिलासपुर की खेल प्रतिभाएं देशभर में अपनी चमक बिखेर सकती हैं। उनकी उपलब्धि के बाद पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *