Raipur News: 25 अगस्त से राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े की शुरुआत, एक नेत्रदान से दो लोगों को मिल सकती है रोशनी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मृत्यु के बाद भी किसी की जिंदगी में रोशनी लौटाई जा सकती है। नेत्रदान के इसी मानवीय संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 25 अगस्त से राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 8 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रैलियां, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार और अन्य जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को नेत्रदान के महत्व और इसकी प्रक्रिया के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित संस्थाओं की सहभागिता से लोगों तक नेत्रदान का संदेश पहुंचाया जा रहा है। अभियान के दौरान सामुदायिक स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम की राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि ग्वालरे ने बताया कि एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो दृष्टिबाधित लोगों को दृष्टि का उपहार मिल सकता है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान मृत्यु के बाद भी मानव सेवा का माध्यम बन सकता है और किसी की दुनिया में रोशनी ला सकता है। इसी संदेश को राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के दौरान प्रमुखता से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

मृत्यु के बाद छह घंटे के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक होता है। इसके लिए परिजन नजदीकी नेत्र बैंक, मेडिकल कॉलेज अस्पताल या जिला चिकित्सालय से संपर्क कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय टीम संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर भी नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कर सकती है।

यदि किसी व्यक्ति ने जीवनकाल में नेत्रदान की घोषणा नहीं की है, तब भी उसकी मृत्यु के बाद परिजन नेत्रदान कर सकते हैं। चश्मा पहनने वाले और आंख का ऑपरेशन करा चुके लोग भी नेत्रदान कर सकते हैं। हालांकि कुछ बीमारियों और संक्रमण की स्थिति में चिकित्सकीय जांच के आधार पर नेत्रदान की उपयुक्तता निर्धारित की जाती है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के दौरान आयोजित जागरूकता गतिविधियों में शामिल हों और नेत्रदान से जुड़ी सही जानकारी प्राप्त करें। विभाग ने लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

प्रदेश में नेत्रदान के इच्छुक नागरिक अथवा मृत व्यक्ति के परिजन संबंधित संस्थानों से संपर्क कर सकते हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर चिकित्सालय, रायपुर का संपर्क नंबर 0771-2890067, सिम्स मेडिकल कॉलेज, बिलासपुर का 07752-222301 और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर का 0771-2577389 है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *