Raipur News: जातिगत जनगणना के मुद्दे पर संतोष पांडेय का राहुल गांधी पर हमला, पूछा- आखिर किस जाति के हैं?

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। जातिगत जनगणना को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने राहुल गांधी के पत्र को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जातिगत जनगणना की मांग करने से पहले राहुल गांधी को अपनी जाति के बारे में देश को बताना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी किस जाति से हैं और क्या वे पारसी हैं। सांसद ने कहा कि देश को यह भी बताना चाहिए कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की जाति क्या है।

संतोष पांडेय ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी कांग्रेस की बैठक को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आदिवासियों का शोषण किया और उन्हें अपमानित करने तथा जेल भेजने का काम किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में आदिवासियों की स्थिति क्या थी, यह सभी जानते हैं। सांसद ने कांग्रेस की आदिवासी राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल बैठकें करने से आदिवासी समाज का हित नहीं होगा।

वहीं बीजेपी की मैराथन बैठकों को लेकर सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि पार्टी लगातार अपने संगठन और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करती रहती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी शांति काल में भी अपने शस्त्रों को मांजते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहती है। अलग-अलग कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आने वाले दिनों के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन स्तर पर लगातार सक्रिय है और आगामी कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *