Kanker News: महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटने का दावा, भोजराज नाग के बयान पर सियासत गरम

Chhattisgarh Kanker News : कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग का बारिश को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। सांसद ने दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यक्रम के दौरान तेज बारिश हो रही थी। उन्होंने महादेव से प्रार्थना कर एक नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। उनके इस बयान पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए निशाना साधा है।

दरअसल, सांसद भोजराज नाग मंगलवार को बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित जनसभा में पहुंचे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद थे। नाग ने मंच से बताया कि कार्यक्रम से पहले मौसम खराब था और तेज बारिश हो रही थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई।

सांसद ने आगे कहा कि अब कार्यक्रम सफल हो गया है और यदि बारिश होनी है तो बाद में हो सकती है। उनके इस बयान के दौरान मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत अन्य लोगों के मुस्कुराने का वीडियो भी सामने आया है।

भोजराज नाग इससे पहले भी अपने सार्वजनिक बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। वे कई मौकों पर नींबू काटने, झाड़-फूंक और बुरी शक्तियों को दूर करने जैसी बातों का उल्लेख कर चुके हैं। उनके ऐसे बयानों को लेकर पहले भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस होती रही है।

सांसद के ताजा बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि यदि नींबू काटने से बारिश रुक सकती है तो इसका इस्तेमाल महंगाई और बढ़ती कीमतों को कम करने के लिए भी किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने सांसद के बयान की आलोचना करते हुए उन पर अंधविश्वास को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स की ओर से भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने सांसद के दावे पर सवाल उठाए तो कई यूजर्स ने व्यंग्य करते हुए महंगाई, बिजली बिल और ईंधन की कीमतों को लेकर सवाल किए। सांसद के बयान के बाद आस्था, परंपरा और वैज्ञानिक सोच को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *