Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। मोबाइल फोन गुम होने के बाद बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 5 लाख 12 हजार 997 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। भाठापारा अखरा निवासी रामकृष्ण साहू की शिकायत पर पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सब्जी खरीदने गए थे, बाजार में गुम हुआ मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, रामकृष्ण साहू 26 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे पाटन बाजार में सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया। मोबाइल में एयरटेल का सिम लगा था, जिसका नंबर उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से लिंक था। उस समय उनके खाते में 6 लाख 19 हजार 997 रुपये जमा थे। मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने इसकी सूचना पाटन थाने में दर्ज कराई। इसके बाद उसी नंबर का नया सिम हासिल कर उसका इस्तेमाल शुरू कर दिया।
28 दिन बाद बैंक पहुंचे तो सामने आया मामला
करीब 28 दिन बाद घरेलू जरूरत के लिए पैसे निकालने रामकृष्ण साहू बैंक ऑफ बड़ौदा की पाटन शाखा पहुंचे। खाते में रकम की जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि खाते में अब सिर्फ 1 लाख 7 हजार रुपये ही बचे हैं। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मई की रात 8:03 बजे से 31 मई की रात 9:06 बजे के बीच उनके खाते से यूपीआई के जरिए कुल 5,12,997 रुपये निकाले गए थे।
पीड़ित ने कहा- मैं UPI का इस्तेमाल ही नहीं करता
रामकृष्ण साहू ने पुलिस को बताया कि वह यूपीआई का इस्तेमाल नहीं करते हैं। बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए वह चेक या पासबुक का ही उपयोग करते हैं। ऐसे में मोबाइल गुम होने के कुछ दिनों बाद खाते से यूपीआई के जरिए इतनी बड़ी रकम निकलने से मामला संदिग्ध हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने साइबर पुलिस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक पहुंचकर अपना खाता होल्ड कराया। अब पाटन पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और यूपीआई के जरिए हुई रकम की निकासी से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
