Gold-Silver Rate: सोने के भाव में लगातार दूसरे दिन तेजी, 1,400 रुपये बढ़कर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब

Gold-Silver Rate Today: नई दिल्ली। दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,400 रुपये बढ़कर 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को सोना 1,59,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमत 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।

सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने की मजबूत खरीदारी के चलते कीमतों में तेजी आई। हालांकि, वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़े जारी होने से पहले निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। इन आंकड़ों से ब्याज दरों की दिशा और सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ सकता है।

चांदी की कीमतों में जनवरी के मुकाबले बड़ी गिरावट

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका के अनुसार, घरेलू चांदी की कीमत जनवरी में 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक के उच्च स्तर की तुलना में 40 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर करीब 2.30 लाख से 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

उन्होंने कहा कि निवेश मांग कमजोर बनी हुई है, जिससे डीलरों के पास मौजूद चांदी के स्टॉक को लेकर चिंता बढ़ रही है। मांग में सुधार नहीं होने पर भारतीय डीलरों के करीब 2,000 टन चांदी के ऑर्डर से स्टॉक का दबाव और बढ़ सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी कमजोर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट रही। हाजिर सोना 4,465.34 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 0.38 प्रतिशत गिरकर 66.72 डॉलर प्रति औंस रह गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी के मुताबिक, कारोबारियों की नजर अमेरिकी रोजगार के महत्वपूर्ण आंकड़ों पर है। इसके बाद अगले सप्ताह महंगाई के आंकड़े भी जारी होने हैं, जिनसे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर आगे की दिशा के संकेत मिल सकते हैं।

अमेरिकी रोजगार आंकड़ों से तय होगी आगे की दिशा

बाजार में उम्मीद से कमजोर अमेरिकी रोजगार आंकड़े आने पर डॉलर पर दबाव बढ़ सकता है और इससे सोने की कीमतों को समर्थन मिल सकता है। वहीं, मजबूत रोजगार आंकड़े या फेडरल रिजर्व की ओर से सख्त रुख के संकेत मिलने पर ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें बदल सकती हैं, जिसका असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *