Bilaspur News: जस्टिस केआर महापात्रा संभालेंगे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की कमान, संजय कुमार अग्रवाल राजस्थान भेजे गए

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। 5 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार ओडिशा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

वहीं छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ दोनों उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीश के स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं।

न्यायमूर्ति केआर महापात्रा ने 7 फरवरी 1988 को उड़ीसा राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। उन्हें सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक कानून सहित विभिन्न कानूनी क्षेत्रों में करीब 26 वर्षों का अनुभव रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के साथ-साथ उड़ीसा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी कार्य किया है।

न्यायमूर्ति महापात्रा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक्स लिमिटेड, क्योंझर, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न संस्थानों के अधिवक्ता भी रहे हैं।

न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा को 17 अप्रैल 2015 को उड़ीसा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। अब उन्हें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *