Ambikapur News: बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान छात्राएं पहुंचीं कलेक्टोरेट, कलेक्टर ने दिए तत्काल समाधान के निर्देश

Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं से परेशान 45 छात्राओं ने सोमवार को प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए स्कूल से अंबिकापुर कलेक्टोरेट तक पैदल मार्च शुरू कर दिया। छात्राएं करीब 30 किलोमीटर दूर कलेक्टोरेट जाने के लिए निकली थीं और लगभग 6 किलोमीटर पैदल चल चुकी थीं। इसकी जानकारी प्रशासन को मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बस भेजकर छात्राओं को कलेक्टोरेट लाया गया।

कलेक्टोरेट पहुंचने के बाद छात्राएं कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात करने की मांग पर अड़ी रहीं। इसी दौरान थकान और तनाव के बीच एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर गई। छात्रा को तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में पिछले तीन महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा मेस में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब है। छात्राओं का कहना है कि फिजिक्स और केमिस्ट्री की कक्षाएं भी नियमित रूप से नहीं लग रही हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल की व्यवस्थाओं और अपनी समस्याओं को लेकर पहले भी प्राचार्य से शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के बाद उन्होंने प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने के लिए पैदल अंबिकापुर जाने का फैसला किया।

छात्राओं के मार्च की जानकारी मिलने के बाद आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला बैलकोटा पहुंचे और छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। कुछ शिक्षकों ने भी छात्राओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं किसी अन्य अधिकारी से बातचीत के बजाय कलेक्टर से सीधे मिलने की मांग करती रहीं। शिक्षकों की ओर से छात्राओं के किसी के बहकावे में आने की बात कही गई, जबकि छात्राओं ने स्पष्ट किया कि वे बिना किसी दबाव के अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंची हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *