Balrampur News: मकान में घुसकर आग लगाने का आरोप, 5 लाख के नुकसान के बाद फरार आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले की तातापानी पुलिस ने घर में घुसकर आगजनी करने और लाखों रुपये के सामान को जलाकर नष्ट करने के मामले में आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पड़ोसी राज्य झारखंड में जाकर छिपे हुए थे, जहां से पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। दोनों को बुधवार 9 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामला पुलिस चौकी तातापानी, थाना रामानुजगंज क्षेत्र के सुभाषनगर का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी सौमित्र हालदार ने 8 सितंबर को चौकी तातापानी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुभाषनगर स्थित ईंट और अल्बेस्टर से बने मकान में वह अपने परिवार के साथ रहता था। 6 सितंबर को प्रार्थी अपनी मां की तबीयत खराब होने के कारण पुराने मकान चला गया था।

पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर की दरमियानी रात से 7 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे के बीच आरोपी जयदेव शील और उसकी पत्नी प्रतिमा देवी रवि ने कथित तौर पर मकान का दरवाजा तोड़कर घर में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में घर के अंदर रखा घरेलू सामान और अन्य कीमती सामग्री जलकर नष्ट हो गई। प्रार्थी के अनुसार घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

शिकायत के आधार पर चौकी तातापानी, थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत धारा 351(3), 326(छ) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के बाद दोनों आरोपी झारखंड में जाकर छिपे हुए हैं।

सूचना के आधार पर तातापानी पुलिस टीम ने झारखंड में घेराबंदी कर आरोपी जयदेव शील और प्रतिमा देवी रवि को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी तातापानी उप निरीक्षक उमेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक संजय राम सहित आरक्षक और महिला आरक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *