Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इलाके में तेज आवाज में डीजे बजने के दौरान यह हिस्सा गिरा। इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है और इसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है। भवन का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और वहां मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। सदर बाजार में दिन के समय बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में देर रात घटना होने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जर्जर भवनों को लेकर दिए गए निर्देश भी चर्चा में हैं। दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर जर्जर भवनों की नियमित निगरानी और जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर समय पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने कहा था कि शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो और लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय की जाए।
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित मकान काफी जर्जर स्थिति में था और भवन मालिक को नगर निगम की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। शुक्रवार देर रात भवन का एक हिस्सा गिरने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से जर्जर भवन के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के दौरान अतिरिक्त खतरा पैदा न हो, इसके लिए सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल नगर निगम जोन अध्यक्ष और निगम की टीम मौके पर मौजूद है तथा क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के साथ आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।
