Korea News: स्कूल बस की चपेट में आने से छात्रा की दर्दनाक मौत, सोनहत में हुआ हादसा

Chhattisgarh Korea News: कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। स्कूल जाने के लिए बस में बैठने निकली बच्ची इसी स्कूल संस्था की बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

यह घटना सोनहत थाना क्षेत्र की धनपुर बस्ती की है। मृतक बच्ची की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए घर से बस में बैठने निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल संस्था की ही बस की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घटना से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *