Chhattisgarh Patan News: पाटन। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मटंग में सरपंच अमित हिरवानी ने हरतालिका तीज से पहले अनोखी पहल करते हुए गांव के सभी घरों में करेले बांटे। माता-बहनों के करू भात के लिए सरपंच की ओर से करेले का वितरण किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के आश्रित गांव बोदल में भी घर-घर करेले बांटे गए।
सरपंच अमित हिरवानी आमजन के लिए समय-समय पर अलग-अलग तरह की पहल करते रहते हैं। इस बार उन्होंने हरतालिका तीज के अवसर पर छत्तीसगढ़ी परंपरा के तहत बनाए जाने वाले करू भात को ध्यान में रखते हुए पूरे गांव में करेले का वितरण किया। उनकी इस पहल की ग्रामीणों के बीच चर्चा रही।
सरपंच अमित हिरवानी ने बताया कि वर्तमान में बाजार में करेला करीब 80 से 100 रुपए की दर से बिक रहा है। ऐसे में माता-बहनों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए पूरे गांव में करेले बांटने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि हरतालिका तीज से पहले करू भात खाने की छत्तीसगढ़ी परंपरा है, इसलिए गांव के परिवारों तक करेला पहुंचाने का प्रयास किया गया।
छत्तीसगढ़ में हरतालिका तीज से पहले करू भात की परंपरा को धार्मिक रस्म के साथ स्थानीय खान-पान और मौसम से जुड़ी परंपरा के रूप में भी देखा जाता है। आमतौर पर करेले की सब्जी और भात से तैयार करू भात व्रत से पहले भोजन के रूप में लिया जाता है।
इस अवसर पर पंच चंद्रिका बारले, पंच हितेश वर्मा, राहुल साहू, पुष्कर साहू, तोरण देवांगन, मनोज ठाकुर, राजेश साहू, तुकेश्वर साहू, देवेंद्र यादव, दिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
