Dhamtari News: मोबाइल रिचार्ज को लेकर प्रेमी को हुआ शक, घर में घुसकर प्रेमिका पर चाकू से हमला

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक द्वारा युवती पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है, जो कोंडागांव की रहने वाली है और बालाजी राइस मिल में काम करती है। वहीं आरोपी युवक की पहचान दिलेश्वर के रूप में हुई है, जो भाटा गांव का रहने वाला बताया गया है और युवती के साथ ही काम करता है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि दिलेश्वर अपने पैसों से अनीता के मोबाइल में रिचार्ज करवाता था। इसी दौरान उसे शक हुआ कि रिचार्ज के जरिए अनीता किसी अन्य व्यक्ति से लंबे समय तक बातचीत करती है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि दिलेश्वर अनीता के घर में घुस गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में युवती की कमर, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे पहले कुरूद अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

कुरूद पुलिस ने आरोपी दिलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *