Chhattisgarh Manendragarh News: मनेन्द्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ में जमीन बेचने के विवाद को लेकर पिता की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मृतक के 27 वर्षीय बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मनेन्द्रगढ़ के लालपुर क्षेत्र में ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। उनके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। घटनास्थल का फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम से निरीक्षण कराया गया और गवाहों के बयान दर्ज कर साक्ष्यों की पड़ताल की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने जमीन बेचने के लिए अपने पिता पर दबाव बनाया था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने कथित तौर पर पानी के पाइप से पिता के साथ मारपीट की थी। इस दौरान शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिन्हें उनकी मौत का कारण बताया गया है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर वार्ड क्रमांक 06, लालपुर निवासी रवि कुमार सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में मनेन्द्रगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
