Jagdalpur News: फूल रथ का पहिया टूटने पर बिगड़े हालात, जेसीबी-क्रेन से परिक्रमा कराने पर अड़े पुलिसकर्मी; सांसद महेश कश्यप ने कराया समझौता

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की फूल रथ परिक्रमा के दौरान एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई। रथ का पहिया निकलने के बाद ग्रामीण उसे खींचने पर अड़े रहे, जबकि संभावित हादसे को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से परिक्रमा कराने पर जोर दिया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ती देख बस्तर सांसद महेश कश्यप ने हस्तक्षेप किया। ग्रामीणों को समझाने के बाद मशीनों की मदद से फूल रथ की परिक्रमा पूरी कराई गई।

जानकारी के अनुसार, बीती रात फूल रथ की अंतिम परिक्रमा के दौरान निर्माणाधीन विजय रथ से टकराने के बाद फूल रथ का पहिया निकल गया। इसके बाद किसी तरह पहिया दोबारा लगाया गया। हालांकि, मिताली चौक के पास ग्रामीण फिर से रथ को पारंपरिक तरीके से खींचने पर अड़ गए। हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की सहायता से रथ आगे बढ़ाने का सुझाव दिया, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं थे।

दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों की ओर से एक पुलिस अधिकारी पर हाथ उठाने की बात सामने आई। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों को पीछे हटाने की कोशिश की। माहौल तनावपूर्ण होने पर सांसद महेश कश्यप ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया। इसके बाद जेसीबी और क्रेन की मदद से रथ परिक्रमा संपन्न कराई गई।

घटना के संबंध में सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि फूल रथ परिक्रमा के दौरान उसका पहिया टूट गया था, जिसे जेसीबी की मदद से ठीक कराया गया। उन्होंने कहा कि संभावित खतरे को देखते हुए रथ खींचने के लिए जेसीबी का इस्तेमाल जरूरी था, लेकिन ग्रामीण पारंपरिक तरीके से रथ खींचने पर अड़े रहे। इसी वजह से विवाद की स्थिति बनी। सांसद के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण पुलिस की बात मानने को तैयार हुए और परिक्रमा पूरी कराई गई।

बस्तर दशहरा की फूल रथ परिक्रमा के दौरान दो दिन पहले भी विवाद हुआ था। सिरहा सार चौक से गोल बाजार चौक तक होने वाली परिक्रमा के दौरान रथ को निर्धारित मार्ग से हटाकर पावर हाउस चौक की ओर ले जाया गया था। इस दौरान दो स्कूटी रथ की चपेट में आ गई थीं। आरोप है कि रथ की रस्सी स्कूटी से बांधकर उसे खींचने की कोशिश भी की गई। इसके बाद रथ बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा गिरने पर कई लोग उसकी चपेट में आ गए और घायलों को उपचार की जरूरत पड़ी। पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद उस समय भी किसी तरह परिक्रमा पूरी कराई गई थी।

लगातार दो घटनाओं के बाद बस्तर दशहरा की फूल रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ताजा घटना में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन रथ संचालन के दौरान सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना अहम हो गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *