Bilaspur News: जलभराव और बिजली की समस्या दूर करना प्राथमिकता, शैलेश पांडेय बोले- मौका मिला तो विकास कार्यों पर देंगे जोर

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। शहर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेताओं के बीच आपसी तालमेल की कमी के कारण बिलासपुर का समुचित विकास नहीं हो सका। प्रेस क्लब के पहुना कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार को लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद शहर की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर बिलासपुर की जनता की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाने का भी आरोप लगाया।

शैलेश पांडेय ने कहा कि शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, निर्बाध बिजली आपूर्ति और विकास कार्यों के लिए केंद्र से अधिक राशि लाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें दोबारा विधायक बनने का अवसर मिलता है, तो इन मुद्दों पर काम करने के लिए प्रयास करेंगे।

पूर्व विधायक ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, नाइट लैंडिंग की सुविधा और नियमित उड़ान सेवाओं के संचालन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि इन विषयों को विधानसभा में उठाने का प्रयास किया गया था। पांडेय ने नदी को बिलासपुर की पहचान बताते हुए उसके संरक्षण, बेहतर जल निकासी और शहरी विकास के लिए दीर्घकालिक योजना की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नगर निगम सीमा विस्तार और शहर को बी-ग्रेड सिटी का दर्जा दिलाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम शिक्षा की सुविधा बढ़ाने और कंप्यूटर शिक्षा को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने ई-गवर्नेंस से जुड़े प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। कोरोना काल में जरूरतमंदों की सहायता और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।

पांडेय ने कहा कि शहर की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से संभव है। उन्होंने जलभराव, बिजली, हवाई सेवाओं और शहरी सुविधाओं जैसे मुद्दों को बिलासपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इनके समाधान पर जोर दिया।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *