Balrampur Latest News: स्कूल परिसर में कर्मचारियों से गाली-गलौज, शिक्षक को पीटा; आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजा गया

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्कूल परिसर में घुसकर सहायक शिक्षक पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वाड्रफनगर क्षेत्र के मदनपुर प्राथमिक विद्यालय में आरोपी प्रदीप मरावी पर नशे की हालत में कर्मचारियों से गाली-गलौज करने और शिक्षक कमलेश गुप्ता को डंडे से पीटने का आरोप है। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दोपहर करीब 1:45 बजे स्कूल कार्यालय के सामने आरोपी ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाया। इसके बाद उसने सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में चोटें आईं। आरोप है कि आरोपी ने शिक्षक को जान से मारने और ट्रक से कुचलने की धमकी भी दी। शोर सुनकर स्कूल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को वाड्रफनगर चौकी ले गई। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है और उस मामले में अपराध दर्ज हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरानी घटना को लेकर नाराजगी के चलते दोबारा विवाद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने शिक्षक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *