Khairagarh Latest News: राजा फतेह सिंह खेल मैदान में खेलों का महाकुंभ शुरू, 14 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

Chhattisgarh Khairagarh News: खैरागढ़। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ सोमवार को राजा फतेह सिंह खेल मैदान में हुआ। 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांच संभागों से 330 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान फुटबॉल और खो-खो की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। यहां 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। वहीं, 14 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए खो-खो के मुकाबले रखे गए हैं। विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल है।

उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह और जिला पंचायत खैरागढ़ के सीईओ प्रेम कुमार पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के साथ करीब 50 अधिकारी, शिक्षक और कोच भी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।

जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, बाहर से आए खिलाड़ियों और उनके दलों के ठहरने के लिए शिशु मंदिर, मंगल भवन और शासकीय संस्थानों में व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को आयोजन स्थल तक आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए पानी, बिजली और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उनके ठहरने के स्थानों और बसों में ‘अतिथि देवो भव’ का संदेश भी लिखवाया गया है, ताकि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर आतिथ्य का अनुभव मिल सके। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में स्कूली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का समापन 29 अक्टूबर को होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *