Raipur Latest News: छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत, कैशलेस इलाज की सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर मंत्रालय कर्मचारी संघ ने प्रसन्नता व्यक्त की है। संघ ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया है।

मंत्रालय कर्मचारी संघ के अनुसार, शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संघ की प्रमुख मांगों में शामिल रहा है। नवीन संघ के गठन के बाद से ही इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। संघ के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव से चर्चा कर इस विषय पर पहल की और लगातार फॉलोअप किया।

संघ ने उम्मीद जताई है कि मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी। खासकर बीमारी या आपातकालीन उपचार की स्थिति में कैशलेस सुविधा से कर्मचारियों को तत्काल इलाज के खर्च की व्यवस्था करने में राहत मिलने की उम्मीद है।

संघ के अध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय ने कहा कि शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी एक महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे उपचार के समय होने वाली आर्थिक कठिनाइयों को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने इस विषय पर सकारात्मक पहल करने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजीष मिरे, संरक्षक कीर्तिवर्धन उपाध्याय, सचिव उमेश सिंह, संयुक्त सचिव महेश बड़ा, कोषाध्यक्ष छवि साहू और सदस्य कुंदन साहू ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *