Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भिलाई में बुधवार को एक 21 वर्षीय युवती की पॉवर हाउस फ्लाईओवर से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान खुर्सीपार निवासी पूनम अहिरवार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह सुबह अपने पिता से वॉक पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसी दौरान पॉवर हाउस फ्लाईओवर से नीचे गिरने की घटना हुई। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पूनम लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी और परिवार एम्स में उसका इलाज करा रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के समय युवती को मिर्गी का दौरा पड़ा था या उसने जानबूझकर छलांग लगाई थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इसी बीच दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर यात्री बस और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नवीन बस सर्विस की बस दुर्ग से बेमेतरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने ई-रिक्शा चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन हादसा टाला नहीं जा सका। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जानकारी में ई-रिक्शा चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
