Kanker Latest News: भानुप्रतापपुर में अतिक्रमण को लेकर व्यापारी और प्रशासन आमने-सामने, अब अगली बैठक पर टिकी नजरें

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। भानुप्रतापपुर में मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर नगर पंचायत और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। दुकानों के सामने सीढ़ियां, पोर्च, टिन शेड बनाने और सड़क तक सामान फैलाकर कारोबार करने वाले दुकानदारों को नगर पंचायत ने तीन दिन में अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया था। इसकी समय-सीमा गुरुवार को समाप्त होने के बाद कार्रवाई की चेतावनी से नाराज व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और रैली निकालकर अपनी मांगें रखीं।

प्रदर्शनकारी व्यापारी सबसे पहले नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। अध्यक्ष ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद व्यापारी रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम अनिकेत फड़तरे से मुलाकात कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर चर्चा की।

एसडीएम अनिकेत फड़तरे ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि अगली बैठक तक इस तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से नगर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। एसडीएम के आश्वासन के बाद व्यापारी सहमत हो गए और उन्होंने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

फिलहाल, चर्चा के बाद व्यापारियों और प्रशासन के बीच तत्काल टकराव टल गया है। अब अगली बैठक में मुख्य मार्ग की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और व्यापारियों की समस्याओं पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *