Cyclone Arnab Update: नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से देश के कई राज्यों में आज भारी बारिश हो सकती है। बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट है। बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है। यूपी, बिहार और दिल्ली समेत कई राज्यों में सुबह-शाम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर से 4 नवंबर के दौरान मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है। सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया में भी भारी बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट
30 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और पंजाब में भी बारिश के आसार हैं। पूर्वी यूपी, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। इसके कारण पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को नैनीताल समेत राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। केदारनाथ, गंगोत्री और औली समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। बदरीनाथ के आसपास की ऊंची पहाड़ियों, नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वतों पर भी हिमपात की सूचना है। बदरीनाथ धाम और यमुनोत्री में भी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
