Chhattisgarh Latest News: 36 गढ़ों की विरासत से जुड़े कुंवरगढ़ का नाम होगा बहाल, फैसले पर क्षेत्र में जश्न

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राज्य सरकार ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्रिमंडल की बैठक में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत कूंरा का नाम बदलकर फिर से कुंवरगढ़ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के बाद क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से पुराने नाम को बहाल करने की मांग की जा रही थी।

छत्तीसगढ़ की प्राचीन ऐतिहासिक व्यवस्था में शामिल 36 गढ़ों में कुंवरगढ़ का भी विशेष स्थान बताया जाता है। समय के साथ इसका नाम बदलकर कूंरा प्रचलित हो गया, जिससे इसकी पुरानी ऐतिहासिक पहचान पीछे छूट गई। अब सरकार की मंजूरी के बाद क्षेत्र को उसका पारंपरिक नाम वापस मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

नगर का नाम बदलने के लिए धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने पहल की थी। पिछले वर्ष आयोजित कुंवरगढ़ महोत्सव के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने नगर का पुराना नाम बहाल करने का आग्रह किया था। कैबिनेट से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता और ऐतिहासिक विरासत का पुनरुद्धार है।

सरकार के इस फैसले के बाद कुंवरगढ़ सहित धरसींवा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जश्न मनाया। क्षेत्रवासियों का मानना है कि पुराने नाम की बहाली से क्षेत्र को उसकी ऐतिहासिक पहचान मिलेगी और पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई पहचान मिल सकती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *