PM-Kisan 24th Installment : देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 24वीं किस्त जारी कर दी है। इसके साथ ही पात्र किसानों के खाते में अगली किस्त के 2,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। केंद्र सरकार की इस योजना के तहत किसानों को सीधे बैंक खातों में आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
इस बार पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को लाभ पहुंचाया गया है। सरकार की ओर से करीब 19,000 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है। बता दें कि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि चार महीने के अंतराल पर 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है।
अगर आप भी पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और जानना चाहते हैं कि आपके खाते में 24वीं किस्त के 2,000 रुपये पहुंचे हैं या नहीं, तो घर बैठे ऑनलाइन अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। होमपेज पर Farmers Corner सेक्शन में उपलब्ध ‘Beneficiary Status’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद मांगी गई जानकारी, जैसे रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज करें। स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड भरने के बाद ‘Get Data’ पर क्लिक करें। इसके बाद आपके सामने भुगतान से जुड़ी जानकारी आ जाएगी, जहां आप 24वीं किस्त का स्टेटस देख सकते हैं।
जिन किसानों के खाते में किस्त की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपनी ई-केवाईसी और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी की जांच करनी चाहिए। योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी पूरी होना जरूरी है। इसके अलावा आधार और बैंक खाते की जानकारी में गड़बड़ी या पात्रता से जुड़े रिकॉर्ड में समस्या होने पर भी भुगतान अटक सकता है। ऐसे किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या संबंधित बैंक में जाकर अपनी जानकारी की जांच और जरूरी प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।
